दुकान में नकब लगाकर चोरों ने लाखों का माल पार कर दिया। घटना की जानकारी दुकान मालिक को मंगलवार सुबह हुई। पुलिस घटना की जांच में जुटी है। जिले में अपराध बढ़ने पर व्यापारियों में गुस्सा है।
हंसवा निवासी लक्ष्मी प्रसाद केशरवानी की थरियांव कस्बे में सर्राफाऔर कपड़े की दुकान है। दुकान से कुछ दूर पर ही उनका मकान है। उसका छोटा भाई सुबह दुकान खोलने गया था। दुकान के अंदर सामान अस्त व्यस्त देखकर हैरान रह गया। दुकान के पीछे की दीवार में नकब लगी थी।
चोर नकब लगाने के बाद दुकान के अंदर घुसे हैं। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर में बताया कि उनकी कपड़े की दुकान से ही सर्राफे की दुकान का संचालन होता है।
कपड़े की दुकान में रखे सर्राफेे के अर्धनिर्मित जेवरों की आधा किलो चांदी रखी थी। दुकान की तिजोरी का ताला तोड़कर चांदी, 25 हजार की नकदी, डेढ़ लाख कीमत के कपड़े चोरी हो गए हैं। सर्राफे वाली दुकान में चोर नहीं घुस सके। इससे भारी नुकसान से वे बच गये हैं।
दुकान में इलाकाई व्यवसायियों की भीड़ लगी रही। पुलिस ने घटनास्थल की पड़ताल की है। एसएचओ एसपी वर्मा ने बताया कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी होगी।
चोरों ने व्यवसायी की दुकान के साथ महेश गुप्ता के घर में भी चोरी का प्रयास किया। महेश गुप्ता ने बताया कि उनके घर के पीछे दो बार सेंध लगाने की कोशिश की गई है। लेकिन उनका घर ऊंचाई पर है। दोनाें बार चोरों को ईंट हटाने बाद मिट्टी ही मिली। इससे उनका परिवार चोराें का निशाना बनने से बचा है।