फोटो-05-खेल मैदान में भरा पानी। संवाद
खखरेरू। विजयीपुर विकासखंड की ग्राम सभा कठरिया में सामुदायिक शौचालय गंदगी से पटा पड़ा है। वहीं उससे सटा खेल मैदान बारिश के पानी से तालाब में तब्दील हो गया है। जलनिकासी की व्यवस्था न होने से मैदान में पानी भरा है। बड़ी-बड़ी झाड़ियां उग आई हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि सामुदायिक शौचालय का ताला अधिकांश समय खुला रहता है लेकिन परिसर की नियमित साफ-सफाई नहीं होती। उनका कहना है कि शौचालय में तैनात केयरटेकर केवल उपस्थिति दर्ज कर औपचारिकता पूरी करती हैं और रखरखाव पर ध्यान नहीं दिया जाता। इससे शौचालय का इस्तेमाल करने वालों को असुविधा होती है।
जलभराव के कारण खेल मैदान भी इस्तेमाल के लायक नहीं बचा है। पहले यहां बच्चे खेलते थे और ग्रामीण सुबह-शाम टहलने व व्यायाम के लिए आते थे। अब मैदान में झाड़ियां फैल गई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि झाड़ियों और पानी के बीच सांप समेत अन्य जंगली जीव-जंतुओं के छिपे रहने का खतरा बना रहता है।
ग्रामीण कुलदीप तिवारी, पवन पटेल, कुंदन सिंह और सुधीर श्रीवास्तव आदि ने खेल मैदान से जलनिकासी, झाड़ियों की सफाई और सामुदायिक शौचालय की नियमित देखरेख सुनिश्चित कराने की मांग की है। खंड विकास अधिकारी जयप्रकाश ने बताया कि खेल मैदान और सामुदायिक शौचालय की जांच कर व्यवस्थाएं दुरुस्त कराई जाएंगी।
फोटो-05-खेल मैदान में भरा पानी। संवाद