फतेहपुर। बैडमिंटन के खिलाड़ियों के लिए खुशखबरी है। स्पोर्ट्स स्टेडियम के बैडमिंटन कोर्ट को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जा रहा है। जिससे फतेहपुर से भी साइना नेहवाल और ज्वाला गुट्टा जैसी प्रतिभाएं निकल सकें। जिला खनिज फाउंडेशन न्यास से बैडमिंटन कोर्ट को जनपद स्तर से राष्ट्रीय स्तर तक के लिए विकसित किया जा रहा है। इस कोर्ट में लोगों को टेबल टेनिस भी सीखने और खेलने का मौका मिलेेगा।
33 लाख की लागत से विकसित किए जा रहे बैडमिंटन कोर्ट में को सिंथेटिक फ्लोर से तैयार की जा रही है। ताकि खिलाड़ी को आरामदायक कुशनिंग मिल सके। इसके साथ की कोर्ट की फर्श पर राष्ट्रीय स्तर के कोर्ट की मानकों को प्रयोग में लाया जा रहा है। कोर्ट की फर्श पर खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन कर सकें, इसके लिए फर्श को वुडेन, पीसीबी फ्लोरिंग के बाद सिंथेटिक फ्लोर से विकसित किया जा रहा है।
जिला क्रीडा अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि खिलाड़ियों को अच्छा प्रशिक्षण मिल सके इसके लिए शासन से कोच की भी मांग की गई है। उन्होंने बताया कि एक-एक लाख की लागत से बनी टेबल टेनिस की दो टेबल भी बैडमिंटन कोर्ट में रखवाई जा रही हैं ताकि बैडमिंटन के साथ टेबल टेनिस में भी जनपद की खेल प्रतिभाएं हाथ आजमा सकें। उन्होंने बताया कि पूरे कोर्ट में लाइट के भी मानक के अनुसार प्रचुर इंतजाम किए गए हैं।