कोर्राकनक गांव में जनसभा में बोलती केंद्रीय राज्य मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति
- फोटो : Amar ujala
अयाहशाह विधानसभा क्षेत्र के कोर्रा कनक गांव में निर्माणाधीन डिग्री कालेज में भाजपा की चुनावी जनसभा हुई। केंद्रीय राज्य मंत्री एवं स्टार प्रचारक साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि अभी विकास रूपी गंगा दिल्ली से चली है लेकिन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सैफई में बांध बनाकर रोक दिया है। इसलिए विकास रूपी गंगा में उुबकी लगानी है, तो सभी विधानसभाओं में भाजपा को जिताइए। तभी विकास रूपी गंगा में डुबकी लगा सकेंगे।
कहा कि कांग्रेस और सपा का गठबंधन नहीं बल्कि ठगबंधन है। अभी तक कांग्रेस ने सत्ता में रहकर लूटने का काम किया है। राजीव गांधी कुशल पायलट थे और उनके पुत्र राहुल गांधी पंचर साइकिल में धक्का मारने का काम कर रहे हैं। कोर्राकनक में संबोधन के बाद साध्वी बांदा के लिए चली गईं। जनसभा के दौरान चककरैया, ओती, दतौली, कोर्रा प्रधान ने बीजेपी का चोला ओढ़ लिया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष दिनेश बाजपेई, राम प्रकाश, प्रत्याशी विकास गुप्ता, सुधीर मिश्रा, नवनीत शुक्ला, संजय सिंह मौजूद रहे। असोथर प्रतिनिधि के अनुसार, कस्बे के सर्वोदय इंटर कालेज में साध्वी की जनसभा होनी थी लेकिन वह बांदा निकल गईं। यहां पर पूर्व मंत्री राधेश्याम गुप्त, आनंद लोधी, प्रमोद द्विवेदी, शिव प्रताप सिंह मौजूद रहे।