फतेहपुर। अब जल्द ही कोरोना जांच जिले में शुरू होगी। स्वास्थ्य विभाग को अब लखनऊ, प्रयागराज, कानपुर या बनारस जांच के लिए नमूने नहीं भेजने पड़ेंगे। शासन ने आरटीपीसीआर जांच लैब जिले में स्थापित करने के लिए स्वीकृति प्रदान कर दी है।
अभी तक जिले में आरपीटीपीआर जांच की सुविधा नहीं थी। दो साल से यह जांच कराने के लिए नमूने पड़ोसी जिलों की लैब में भेजे जाते रहे हैं। बुधवार को संयुक्त सचिव प्राणेशचंद्र शुक्ला प्रदेश के 30 जिलों में जांच लैब स्थापित करने के आदेश जारी कर दिए हैं। लैब का निर्माण करने के लिए विभागीय अभियंत्रण इकाई को कार्यदायी संस्था अधिकृत कर दिया गया है।
सीएमओ डॉ. गोपाल कुमार माहेश्वरी ने बताया कि आरटीपीसीआर लैब स्थापित करने के लिए उनसे प्रस्ताव मांगा गया है। जल्द ही जिले में जांच लैब तैयार होने की उम्मीद है। लैब तैयार होने के बाद कानपुर, लखनऊ जांच के लिए नमूना भेजने से निजात मिलेगी। अभी तक प्रतिदिन दो से तीन हजार नमूने गैर जनपदों की लैब में जांच के लिए भेजे जाते थे।