फतेहपुर। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में शनिवार को हुए सड़क हादसों में दो छात्राओं समेत कुल छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हथगाम थाना क्षेत्र के हरीरामपुर गांव निवासी विनोद कुमार ई-रिक्शा लेकर सदर कोतवाली क्षेत्र के अस्ती गांव ससुराल आए थे। वहां से सवारियां लेकर नगर पालिका के सामने पहुंचे तभी वाहन की टक्कर से ई-रिक्शा चालक विनोद कुमार और रिक्शे पर सवार कोतवाली क्षेत्र के मसवानी मोहल्ला निवासी सुरेश चंद्र की पत्नी माया देवी घायल हो गईं।
थरियांव थाना क्षेत्र के हसवा कस्बा निवासी संदीप कुमार ई-रिक्शा चालक हैं। वह सवारियां लेकर शहर जा रहे थे तभी हसवा पुलिस चौकी के पास ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक संदीप कुमार घायल हो गया।
औंग थाना क्षेत्र के बड़ाहार चौराहे के पास डेलेमऊ निवासी जितेंद्र की पुत्री कोमल और गांव की सुनैना पुत्री रामबाबू स्कूटी से दुर्गागंज स्थित जेडी सिंह महाविद्यालय पढ़ने जा रही थीं। बड़ाहार चौराहे के पास सामने से आ रही बाइक से बचने के प्रयास में स्कूटी अनियंत्रित होकर फल की ठेलिया से टकरा गई। इससे दोनों छात्राएं घायल हो गईं।
जाफरगंज थाना क्षेत्र के गढ़ी गांव में संतोष की पत्नी रीना देवी चांदपुर जाने के लिए सड़क पार कर बस पकड़ने जा रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनका पैर फ्रैक्चर हो गया।