फतेहपुर। परिवार की मांग पर तिहरे हत्याकांड की विवेचना को एसआईटी को सौंपी गई है। एसपी धवल जायसवाल की ओर से गठित की गई एसआईटी (विशेष जांच दल) की कमान अपर पुलिस अधीक्षक विजय शंकर मिश्र करेंगे। एएसपी ने बताया कि जांच दल का प्रमुख काम तिहरे हत्याकांड की विवेचना है। विवेचना को लेकर कई तरह के आरोप लग रहे हैं। इसी वजह से एसआईटी का गठन किया गया है। एसआईटी सभी पक्षों के बयान दर्ज कर निष्पक्ष व गुणवत्तापरक विवेचना करेगी। विवेचना में साक्ष्य संकलन का काम शुरू किया गया है। एसआईटी में सीओ थरियांव, दो इंस्पेक्टर समेत आठ सदस्यीय टीम है। गवाहों की सुरक्षा तय की गई है। इन्हें गवाही के समय पुलिस साथ लेकर जाएगी और घर तक छोड़ेगी। गवाहों की अन्य मांग पर भी विचार किया जा रहा है। प्रकरण में जल्द ही चार्जशीट लगाई जाएगी। चार्जशीट के बाद गैंगस्टर की कार्रवाई होगी। गैंगस्टर एक्ट के तहत आरोपियों की संपत्तियां कुर्क की जाएगी। परिवार की सुरक्षा में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
पुलिस ने प्रधान के घर सीसीटीवी लगवाए
पुलिस ने प्रधान रामदुलारी के घर में सुरक्षा के एतिहातन सीसीटीवी कैमरे लगावाए हैं। घर के चारों ओर पांच कैमरे लगाए गए हैं। इन्हें वाई-फाई से जोड़ा गया है। जिसकी निगरानी पुलिस भी करती रहेगी। प्रधान के घर आने-जाने वाले और संदिग्धों की आवाजाही को देखा जाएगा।