फतेहपुर। विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को गति देने के लिए जिले में प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर सक्रियता बढ़ गई है। एक ओर जहां मलवा विकासखंड में पूर्व राज्यमंत्री व बिंदकी विधायक जयकुमार सिंह जैकी ने गांव-गांव जाकर मतदाता सूची के सत्यापन कार्य का जायजा लिया। वहीं दूसरी ओर भाजपा ने सदर, अयाहशाह और बिंदकी विधानसभा क्षेत्रों में समीक्षा बैठकें कर कार्यकर्ताओं से अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मलवा विकासखंड में विधायक जैकी ने जगदीशपुर, सौना खेड़ा, पासिंन पुरवा, सैरपुर, इब्राहिमपुर और लक्ष्मणपुर गांव का भ्रमण किया। इस दाैरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद किया और समस्याएं सुनीं। इब्राहिमपुर गांव में मतदाता सूची से करीब 75 लोगों के नाम कटे पाए गए। इनमें अधिकांश महिलाएं थीं। बीएलओ ने बताया कि अधिकतर महिलाओं के विवाह के बाद उनके नाम अन्य स्थानों पर दर्ज हो जाने के कारण नाम कटे हैं। वहीं कुछ ग्रामीणों ने क्षेत्र के बीएलओ की जानकारी न होने की बात कही।
विधायक ने बीएलओ को घर-घर संपर्क कर छूटे नाम जोड़ने, सूची को त्रुटिरहित बनाने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीणों से सहयोग की अपील की। वहीं भाजपा की ओर से एसआईआर के द्वितीय चरण को लेकर विधानसभा स्तर पर समीक्षा बैठकें की गईं। सदर विधानसभा क्षेत्र में पूर्व विधायक विक्रम सिंह के बगिया में हुई बैठक में क्षेत्रीय महामंत्री रामकिशोर साहू ने कार्यकर्ताओं से अभियान में सक्रियता से जुटने की अपील की। जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने कहा कि अब द्वितीय चरण में संगठनात्मक भूमिका को और मजबूत करते हुए पार्टी के दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्य करना होगा। अयाहशाह विधानसभा क्षेत्र में गाजीपुर स्थित पंचायत भवन में आयोजित बैठक में भी एसआईआर गतिविधियों की समीक्षा की गई।
वहीं बिंदकी विधानसभा क्षेत्र की समीक्षा बैठक कुंवरपुर रोड स्थित एक गेस्टहाउस में हुई जहां क्षेत्रीय महामंत्री रामकिशोर साहू और जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने अब तक की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा कर सभी मंडल अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं को अभियान में पूरी ताकत से जुटने के निर्देश दिए। यहां पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख पिंटू सिंह गौतम, अपना दल (एस) के जिलाध्यक्ष शैलेंद्र पटेल, पूर्व विधायक विक्रम सिंह, नीरज सिंह, पुष्पराज पटेल, उदय लोधी, कुलदीप भदौरिया, बच्चा तिवारी, संजय लाला, शरद श्रीवास्तव, अर्चना त्रिपाठी, सुरेश परमार, राममहेश निषाद, विनोद पांडेय, संजय हांडा, चेयरमैन राधा साहू, अतुल त्रिवेदी आदि जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।