खागा। महिला की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को किशनपुर रोड स्थित शोभावती हॉस्पिटल को सील कर दिया। रेलवे अंडरपास के पास बेसमेंट में संचालित अस्पताल के निरीक्षण में टीम को कई खामियां मिलीं। मानकों की अनदेखी मिलने पर अस्पताल को तत्काल प्रभाव से बंद कर ताला लगा दिया गया।
मंगलवार शाम किशनपुर थाना क्षेत्र के बरैची गांव निवासी महेश कुमार की पत्नी रेनू देवी (26) की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इसके बाद परिजन ने अस्पताल के अप्रशिक्षित स्टाफ पर गलत इंजेक्शन लगाने और उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया था।
बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अधीक्षक राजेश कुमार की मौजूदगी में अस्पताल का निरीक्षण किया। जांच में अस्पताल का बेसमेंट में संचालन किए जाने के साथ निर्धारित मानकों की अनदेखी समेत कई कमियां सामने आईं। इसके बाद टीम ने अस्पताल को सील कर दिया।
अधीक्षक डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया अस्पताल निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित होता नहीं मिला है। निरीक्षण की रिपोर्ट तैयार कर सीएमओ को भेजी जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।