फोटो- रेलवे स्टेशन की फाइल फोटो।
प्रयागराज और कानपुर रूट की ट्रेनें 30 मिनट से लेकर तीन घंटे से अधिक लेट
संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहपुर। रेलवे की समय पालन व्यवस्था एक बार फिर पटरी से उतरती नजर आई। बुधवार को फतेहपुर स्टेशन से गुजरने वाली प्रयागराज और कानपुर सेंट्रल रूट की कई महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनें निर्धारित समय से काफी देरी से पहुंचीं। इससे प्लेटफॉर्म पर यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा और उनकी आगे की यात्रा भी प्रभावित हुई।
प्रयागराज की ओर जाने वाली ट्रेनों में चौरी चौरा एक्सप्रेस सुबह 10:08 बजे के बजाय 10:40 बजे पहुंची। जम्मूतवी एक्सप्रेस 11:18 बजे के स्थान पर 12:21 बजे पहुंची और करीब एक घंटा तीन मिनट विलंबित रही। नेताजी एक्सप्रेस भी निर्धारित समय से करीब 22 मिनट लेट संचालित हुई। वहीं, कानपुर सेंट्रल विशेष किराया ग्रीष्मकालीन एक्सप्रेस सबसे अधिक प्रभावित रही। यह ट्रेन रात्रि 11:00 बजे के बजाय तड़के सुबह 2:22 बजे पहुंची और तीन घंटे 22 मिनट की देरी से चली।
इसी प्रकार कानपुर सेंट्रल की ओर जाने वाली ट्रेनों की स्थिति भी बेहतर नहीं रही। प्रयागराज सुपरफास्ट एक्सप्रेस रात 2:40 बजे के बजाय सुबह 5:03 बजे पहुंची और दो घंटे 23 मिनट विलंबित रही। सुबेदारगंज एक्सप्रेस करीब एक घंटा 42 मिनट देरी से पहुंची, जबकि प्रयागराज एक्सप्रेस भी 33 मिनट विलंबित रही। प्रयागराज विशेष किराया ग्रीष्मकालीन एक्सप्रेस लगभग एक घंटे की देरी से चली।
कालिंदी एक्सप्रेस सुबह 10:33 बजे के बजाय 11:41 बजे पहुंची और एक घंटा आठ मिनट विलंबित रही। हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस 31 मिनट, नेताजी एक्सप्रेस 33 मिनट और सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस एक घंटा एक मिनट की देरी से फतेहपुर पहुंची। लगातार ट्रेनों के विलंबित संचालन से यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। कई यात्रियों की दूसरी ट्रेनों और बसों की कनेक्टिंग यात्रा भी प्रभावित हुई। यात्रियों ने रेलवे से समय पालन में सुधार और ट्रेनों की सही जानकारी समय पर उपलब्ध कराने की मांग की।
जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार ने बताया कि ट्रेनों के विलंब का मुख्य कारण आगे के रेलखंडों में परिचालन संबंधी बाधाएं और ट्रैफिक कंजेशन रहा। कुछ ट्रेनों को अन्य महत्वपूर्ण गाड़ियों के संचालन और क्रॉसिंग के कारण भी नियंत्रित किया गया। जैसे-जैसे परिचालन सामान्य होगा, ट्रेनों का समय भी सामान्य हो जाएगा। यात्रियों की सुविधा के लिए पूछताछ प्रणाली और स्टेशन पर लगातार प्रसारित की जा रही है।