मुगल मार्ग हाईवे पर मंगलवार रात करीब साढ़े 11 बजे दो ट्रकों की भिड़ंत के बाद पीछे से इलाहाबाद जा रही टवेरा भी एक ट्रक में जा घुसी। हादसे के बाद तीनों वाहनों में आग लग गई। दमकल और इलाकाई पुलिस ने घंटों मशक्कत कर आग बुझाई। ट्रक में लदा लाखों रुपये का सेब ग्रामीण लूट ले गए।
एटा जिले की कोतवाली देहात के जवाहरा निवासी चालक किरन पाल सिंह और इसी जिले के नागौली कला थाने के नगला खिल्ली निवासी खलासी गिरिराज ट्रक में सेब लादकर दिल्ली से उड़ीसा के राउरकेला जा रहे थे। उधर जौनपुर जिले के सारापुतिहा निवासी अर्जुन बिहार से ट्रक में भूसी लादकर हरियाणा के फरीदाबाद जा रहा था। जहानाबाद थाने के मंडी के पास मंगलवार रात करीब साढ़े 11 बजे दोनों ट्रकों में भिड़ंत हो गई। सेब लदे ट्रक में पीछे से आ रही मध्य प्रदेश के श्रद्धालुओं की टवेरा भी जा घुसी। वाहनों के टकराने से आग लग गई।
देखते ही देखते तीनों वाहन धू-धूकर जलने लगे। आग की चपेट में आकर ट्रक चालक किरन पाल सिंह, अर्जुन और खलासी गिरिराज झुलस गए। टवेरा सवार तीर्थयात्री रामभरोसे की पत्नी शीला, फूल सिंह, सुनील घायल हो गए हैं। ये लोग मध्यप्रदेश के सीहर जिले के अशोक नगर स्थित नई सराय के रहने वाले हैं। तीर्थयात्रा पर इलाहाबाद संगम जा रहे थे। करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान पुलिस ने यातायात रुकवा दिया था। इससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लगी रही। थानेदार घनश्याम पांडेय ने बताया कि झुलसे और घायलों की हालत ठीक है।