फतेहपुर। हत्या के बाद गंगा नदी में किशोरी के फेंके शव की गुरुवार को एसडीआरएफ के साथ स्थानीय पुलिस ने तलाश की। शव नहीं मिलने पर एसडीआरएफ लखनऊ लौट गई है। कुछ पुलिसकर्मियों को नदी किनारे तट पर तैनात किया गया है। नदी किनारे की सीमा से जुड़े थानों से भी संपर्क किया गया है।
गाजीपुर थाने के एक गांव की किशोरी 23 सितंबर को लापता हुई थी। शादी की जिद पर उसकी प्रेमी दिलीप कुमार पासवान ने साथियों राज उर्फ अनुकल्प, मोनू कुमार मोदनवाल संग 25 सितंबर की रात गला दबाकर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद कार में शव रखकर असनी गंगा नदी में फेंक आए थे। पुलिस तीनों आरोपियों को जेल भेजने के बाद शव की तलाश में जुटी है। लखनऊ एसडीआरएफ टीम के साथ दो दिन से शव की तलाश गंगा नदी में की जा रही थी। रायबरेली के डलमऊ पुल तक टीम ने गुरुवार को शव की खोजबीन की। शव नहीं मिलने पर टीम लखनऊ लौट गई। थानाध्यक्ष विनोद मिश्रा ने बताया कि शव की तलाश की जा रही है।