अमौली। कहिंजरा-दपसौरा मार्ग पर नारायणपुर में हो रहे नाला निर्माण में पीली ईंट के साथ घटिया सामग्री के प्रयोग से ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने विरोध करके निर्माण रोकने का प्रयास किया, लेकिन रसूख और सरकारी कार्य में बाधा डालने का भय दिखाकर ग्रामीणों को चुप करा दिया।
नारायणपुर में जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है। ऐसे में इस मार्ग से निकलना मुश्किल हो जाता है। समस्या निस्तारण के लिए जिला पंचायत से 360 मीटर लंबे नाले का निर्माण 20 लाख रुपये की लागत से शुरू हुआ। निर्माण में पीली ईंट एवं घटिया मानक विहीन सामग्री का प्रयोग होने से ग्रामीणों ने विरोध किया। गांव के विनोद कुमार निषाद, कल्लू निषाद झल्लू, राजेश, दयाराम, राम सनेही, राज कुमार सिंह आदि ने बताया कि नाला के साइड की दीवार बनाने से पहले बेस में केवल आधे ईंट के टुकड़े बिछाए गए, जबकि सीमेंट का उपयोग होना चाहिए। इसकी शिकायत जिला पंचायत सदस्य कमला देवी से किया, लेकिन गुणवत्ता में कोई सुधार नहीं हुआ। आक्रोशित ग्रामीणों ने बताया कि अब कार्य गुणवत्ता से नहीं किया जाता तो जिलाधिकारी से मिलकर जांच कर कार्रवाई की मांग करेंगे।
अवर अभियंता ज्योत्सना श्रीवास्तव ने बताया कि शुक्रवार को स्थलीय निरीक्षण कर गुणवत्तापूर्वक कार्य कराया जाएगा। पीली ईंट का प्रयोग नहीं होगा।
......................