जिला पंचायत बैरियर पर वसूली के खिलाफ वाहन चालक भड़क गए। ट्रक चालकों ने 20 रुपये की पर्ची पर सौ- सौ रुपये वसूले जाने को लेकर जाम लगा दिया। जाम से चिल्ला-बांदा मार्ग ढाई घंटे अवरुद्ध रहा। जाम की सूचना पर पहुंची इलाकाई पुलिस ने किसी तरह से समझा-बुझा कर यातायात बहाल कराया।
ललौली थाने के पास जिला पंचायत का एक बैरियर संचालित हो रहा है। नियम है कि खदान के संपर्क मार्गो में ऐसे बैरियर संचालित किए जाएंगे। फिलहाल मौरंग के अवैध खनन के मामले में इलाहाबाद मंडल के कमिशभनर व जिले के हाकिम पर बड़ी कार्रवाई होने के बाद इधर खनन पर रोक लगी है। इससे बांदा से ही मौजूदा समय में मौरंग व गिट्टी से लोड ट्रक निकल रहे हैं। बैरियर संचालक के गुर्गे लोड वाहनों को 20 रुपये की पर्ची थमा करके 100-100 रुपये की वसूली कर रहे हैं। शनिवार को दो तीन ट्रक चालकों से बैरियर वालों की ज्यादा रुपये लेने के मामले में कहासुनी हो गई। जिसके बाद बैरियर संभालने वाले वाहन किनारे खड़ी करा दी। बैरियर वालाें की इस करतूत से खफा हो करके चालकों ने सुबह आठ बजे जाम लगा दिया। वाहनों के जहां तहां खड़े हो जाने से यातायात अवरुद्ध हो गया। इससे सवारी वाहन में सफर कर रहे लोग सबसे ज्यादा हलाकान दिखाई दिए। करीब पौने 11 बजे तीन किलोमीटर लंबा जाम लगने की आहट पाकर मौके पर पहुंची पुलिस को चालकों को समझाने में पसीना बहाना पड़ा। पुलिस उगाही रुकवाने का गोल मोल जवाब देती नजर आई। इलाकाई थानेदार मनोज पाठक ने सत्ता पक्ष का दवाब होने की बात कह कर खामोशी अख्तियार कर ली।