छिवलहा-हथगाम मार्ग पर गुरुवार देर दोपहर स्कूल से घर लौट रही प्राइमरी स्कूल की स्कूटी सवार शिक्षिका को पीछे से तेज रफ्तार आ रहे ट्रक ने कुचल दिया। हेलमेट न पहने होने से ट्रक का पहिया सिर के ऊपर से निकल गया। मौके पर ही शिक्षिका की मौत हो गई। ट्रक छोड़कर चालक भाग निकला।
थाना क्षेत्र के कनकपुर गांव निवासी संवत इंटर कालेज के सेवानिवृत्त शिक्षक लक्ष्मीकांत चौरसिया की अविवाहित बेटी वर्षा उर्फ सलोनी (25) हथगाम ब्लाक के प्राइमरी स्कूल चकीवा में सहायक अध्यापिका के पद पर कार्यरत थी। स्कूल से अप-डाउन मेें दिक्कत के चलते लक्ष्मीकांत ने कस्बा के डिघवारा मोहल्ले में किराए पर कमरा लिया था। वर्ष 2009 बीटीसी बैच की टीचर वर्षा स्कूल से घर लौट रही थीं। श्यामपुर गांव के पास वर्षा की स्कूटी को फतेहपुर की ओर से आ रहे खाद लदे ट्रक ने ओवरटेक के चक्कर में पीछे से टक्कर मार दी। इससे वह उछलकर सड़क पर जा गिरी। इस दौरान ट्रक शिक्षिका को रौंदता हुआ निकल गया। हादसे की जानकारी पर शिक्षिका का परिवार रोता-बिलखता हुआ घटनास्थल पर पहुंचा। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। एसओ कृष्ण कुमार मिश्र ने बताया कि शिक्षिका हेलमेट नहीं लगाए थी। पिता लक्ष्मीकांत की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ एफआईआर लिखी गई है। जल्द ही दुर्घटना को अंजाम देने वाले ट्रक चालक को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
प्राइमरी स्कूल चकीवा में सहायक अध्यापिका के पद पर तैनात रही वर्षा उर्फ सलोनी तीन बहनों व दो भाइयों में चौथे नंबर की थी। दो बहनों का विवाह हो चुका है। बड़ा भाई कुणाल मुंबई में प्राइवेट जॉब करता है जबकि छोटा भाई राहुल घर में ही परचून की दुकान चलाता है। वर्षा की मां मंजू देवी ने बताया कि बिटिया अपने पिता की तरह टीचर बनकर समाज को शिक्षित बनाना चाहती थी। यही वजह थी कि उसने अन्य क्षेत्र पर काम करने के बजाय मास्टरी का पेशा चुना था।