फतेहपुर लॉकडाउन के बाद पहली बार 19 अक्तूबर से खुलने जा रहे माध्यमिक स्कूलों में कोरोना संक्रमण से बचाव की तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं।
माध्यमिक स्कूलों में कक्षा 9, 10, 11, 12 की कक्षाएं संचालित की जानी हैं। दो शिफ्टों में स्कूल संचालित करने के लिए 50 प्रतिशत बच्चों को स्कूल बुलाने के आदेश हैं। बच्चों को उनके रोल नंबर के आधार पर ऑड और इवेन नंबर से बुलाया जाना है। शासन के निर्देश पर डीएम संजीव सिंह ने सभी जिलास्तरीय अधिकारियों की स्कूलों की निगरानी में लगा दिया है। दोनों शिफ्टों में अधिकारी स्कूलों का निरीक्षण करके रिपोर्ट देंगे।
डीआईओएस महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि स्कूल खोलने की तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। स्कूलों की साफ सफाई के साथ कोरोना से बचाव के लिए खरीदे गए संशाधनों का निरीक्षण भी कर लिया गया है। प्रधानाचार्यों को मानक का पालन कराने के लिए कड़ी हिदायत दी गई है। शासन की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में पर्यवेक्षक नियुक्त होने की सूचना भी दी गई है।