खखरेरू। थाना क्षेत्र के कनपुरवा नहर मोड़ स्थित मातादीन एक्सेल एकेडमी की स्कूल बस बुधवार करीब तीन बजे कुल्ली मजरा मानूपुर मोड़ के पास 10 फीट से अधिक गहरी खंती में पलट गई। हादसे के समय बस में करीब 20 बच्चे सवार थे, जिनमें 11 घायल हो गए।
राहगीरों और खेतों में धान काट रहे किसानों ने बस में फंसे बच्चों को बाहर निकाला। घायलों को नजदीकी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक खड़ंजा मार्ग पर सामने से ट्रैक्टर आने पर बस चालक ने साइड देने का प्रयास किया।
बस का एक पहिया कच्ची पटरी पर उतरते ही वह खंती में पलट गई। वहीं चालक अमृतलाल ने पुलिस को बताया कि हादसा स्टीयरिंग फेल होने के कारण हुआ। हादसे में चालक भी घायल हुआ है। घायलों में कुल्ली मजरा मानूपुर के माही सिंह (7), आयुष सिंह (10), पीयूष सिंह (10),
खुशबू सिंह (10), अन्नू (7), शिवम सिंह (7) तथा कोट मजरे दौलतपुर के हर्ष सिंह (7), अयान सिंह (6), श्रेयांश (7) समेत दो अन्य बच्चे शामिल हैं। उपचार के बाद सभी बच्चों को परिजन के साथ घर भेज दिया गया।
सूचना पर पुलिस और एआरटीओ की टीम मौके पर पहुंची। जांच में बस का स्टीयरिंग टायरॉड और कमानी का मुक्की टूटा मिला। थानाध्यक्ष सत्यपाल सिंह ने बताया कि चालक से पूछताछ में स्टीयरिंग व्हील फेल होने की बात सामने आई है।
घटना की जांच की जा रही है। लापरवाही मिलने पर स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एआरटीओ प्रतीक मिश्रा ने बताया कि बस के दस्तावेज पूरे मिले हैं। स्टीयरिंग का टायरॉड टूटा हुआ था। यह हादसे से पहले टूटा या हादसे के दौरान, इसकी जांच की जा रही है।
एक तरफ झुककर चलती थी बस
हादसे के बाद ग्रामीणों और अभिभावकों ने बस के रखरखाव पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि बस चलते समय एक तरफ झुकी रहती थी और पीछे से तेज आवाजें भी आती थीं। ग्रामीणों के मुताबिक इसकी शिकायत चालक और स्कूल संचालक से की गई थी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। हादसे के बाद अभिभावकों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
मुक्की टूटी होने की वजह से बस हादसा
चेचिस से जुड़े झूले में कमानी का वजन रहता है। झूले और कमानी में मुक्की (पिन) फंसाकर रखती है। मुक्की के सहारे कमानी रखी होती है। मुक्की निकलने के बाद गाड़ी एक ओर झुकाव ले लेती है और चेचिस से कमानी का हिस्सा रगड़ने लगता है। कमानी के मिस्त्री के मुताबिक हादसा मुक्की टूटी होने की वजह से हुआ। फोटो से अंदाजा है कि मुक्की करीब 15 से 20 दिन पहले टूटी होगी। पूरी गाड़ी का बैलेंस मुक्की पर होता है। अनदेखी के कारण बस पलटी है।
फाेटो-61-पलटी बस के पास जुटे लोग। संवाद
फाेटो-61-पलटी बस के पास जुटे लोग। संवाद
फाेटो-61-पलटी बस के पास जुटे लोग। संवाद
फाेटो-61-पलटी बस के पास जुटे लोग। संवाद