फोटो-58-पुलिस की गिरफ्त में आरोपी दानिश। स्रोत: पुलिस
जाफरगंज (फतेहपुर)। गन्ना किसानों को भुगतान देने के बहाने दावत पर बुलाकर नशीला पदार्थ खिलाने और बेहोश होने पर क्रेशर का सामान लेकर भागने में पुलिस ने मंगलवार को आरोपी दानिश को गिरफ्तार कर लिया। उसका पिता इस्लाम पहले ही जेल भेजा जा चुका है।
देवरी चौकी क्षेत्र के मधियाखेड़ा गांव में वर्ष 2024 में सहारनपुर के देवबंद थाना क्षेत्र के बिलासपुर निवासी इस्लाम ने बेटे दानिश, बहनोई शहजाद और मौसा तसीन के साथ गन्ना क्रेशर लगाया था। किसानों का करीब 15 लाख रुपये का गन्ना भुगतान बकाया हो गया था।
24 जनवरी 2025 को चारों ने रुपये देने के नाम पर किसानों को क्रेशर पर दावत के लिए बुलाया। मधियाखेड़ा निवासी शशिकुमार उर्फ वैद्य समेत कई किसान क्रेशर पहुंचे। आरोप है कि खीर में नशीला पदार्थ मिलाकर खिलाने से किसान बेहोश हो गए। इसके बाद आरोपी क्रेशर की मशीन समेत पूरा सामान लेकर रातोंरात भाग गए।
शशिकुमार ने चारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने 18 अगस्त को इस्लाम को गिरफ्तार किया था। देवरी चौकी प्रभारी परवेश अहमद ने छह अक्तूबर को दानिश को बिजनौर के चांदपुर थाना क्षेत्र की बास्टा चौकी अंतर्गत मोबीन के क्रेशर से गिरफ्तार किया।
पुलिस अब शहजाद और तसीन की तलाश कर रही है। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद शुक्ला ने बताया कि आरोपी को कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।