खागा। विजयीपुर ब्लॉक के चंदापुर गढ़ा स्थित प्राथमिक विद्यालय का भवन जर्जर होने के कारण पिछले छह माह से विद्यालय का संचालन पंचायत भवन दसईपुर में किया जा रहा है। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए यह वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। यहां 123 छात्र-छात्राएं पढ़ाई कर रहे हैं।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक मोहम्मद आरिफ सिद्दीकी, सहायक अध्यापक रामप्रताप और शिक्षामित्र बच्चों को शिक्षण कार्य करा रहे हैं। प्रधानाध्यापक ने बताया कि विद्यालय भवन की जर्जर स्थिति की जानकारी खंड शिक्षा अधिकारी विजयीपुर को दी जा चुकी है ताकि नए भवन निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो सके।
प्रधान के प्रतिनिधि निर्मल निषाद ने बताया कि विद्यालय भवन की खराब स्थिति की सूचना विभाग को भेजी गई है। बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पंचायत भवन में पढ़ाई की व्यवस्था की गई है। बजट स्वीकृत होने के बाद नए भवन का निर्माण कराया जाएगा। जर्जर भवन की नियमानुसार नीलामी कराई जाएगी।
खंड शिक्षा अधिकारी रजनीश श्रीवास्तव ने बताया कि पुराने विद्यालय भवन को नीलामी प्रक्रिया के लिए भेजा गया है। साथ ही नए विद्यालय भवन निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है।
फोटो-26-जर्जर स्कूल भवन। संवाद