खखरेरू। धाता ब्लॉक की ग्राम पंचायत आलमपुर गेरिया में सरकारी धन के दुरुपयोग की शिकायत की गई है। एक ग्रामीण ने सीडीओ को शिकायती पत्र देकर प्रधान आरती देवी और ग्राम पंचायत सचिव सुशील कुमार सिंह पर मिलीभगत कर 3,96,510 रुपये के गबन का आरोप लगाया है। मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
शिकायतकर्ता श्यामचंद ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में आरोप लगाया है कि हैंडपंप मरम्मत और रीबोर के नाम पर 1,73,211 रुपये के भुगतान का उल्लेख किया गया है। मौके पर केवल तीन हैंडपंप, दो सिलिंडर और सीमित सामग्री ही लगाई गई है। इसकी अनुमानित कीमत 10 से 20 हजार रुपये के बीच बताई गई है।
इसके अलावा नरेश पासी के घर से देवशरण के घर तक सीसी रोड निर्माण के नाम पर 1,16,698 रुपये के भुगतान पर भी सवाल उठाए गए हैं। आरोप है कि प्राथमिक विद्यालय सुखनापुर में बूथ प्लेटफॉर्म निर्माण के लिए 25,549 रुपये, प्राथमिक विद्यालय आलमपुर गेरिया में बूथ, टंकी और पंखा लगाने के लिए 31,862 रुपये, ब्लीचिंग पाउडर और दवा छिड़काव पर 32,800 रुपये, सफाई कार्य पर 14,440 रुपये और स्टेशनरी मद में 9,950 रुपये का भुगतान दर्शाया गया है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि जिन कार्यों पर लाखों रुपये खर्च दिखाए गए हैं। इनकी वास्तविक लागत डेढ़ लाख से अधिक नहीं हो सकती है। प्रधान पर पद के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा गया है कि उनके पति के सगे भाई को मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ दिया गया। संबंधित व्यक्ति को पहले ही महाराष्ट्र में सरकारी आवास का लाभ मिल चुका है।
सीडीओ पवन कुमार मीना ने बताया कि प्रकरण अभी संज्ञान में नहीं है। यदि भ्रष्टाचार से संबंधित मामला सामने आता है तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।