खागा में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतदाता सूचियों के लिए आगामी 10 और 12 अक्तूबर को चारों ब्लॉकों के सभी 394 बीएलओ को तहसील सभागार में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
पुनरीक्षण की सामग्री भी वितरित की जाएगी। इसके बाद 14 अक्टूबर से काम शुरू कर दिया जाएगा। तहसीलदार शशि भूषण मिश्रा ने बताया कि चारों ब्लॉकों में 54 सुपरवाइजर, 394 बीएलओ मतदाता सूचियों का पुनरीक्षण करेंगे।
सभी 263 ग्राम पंचायतों में 384 मतदान केंद्रों का और इनमें 979 बूथों का निर्धारण किया गया है। उन्होंने बताया कि बीएलओ घर जाकर पुनरीक्षण का काम करेंगे।
वर्ष 2015 के चुनाव में ऐरायां, धाता, विजईपुर और हथगाम ब्लॉकों में कुल 5,48,881 मतदाता थे। इनमें ऐराया में 1,36,232, धाता में 1,38,171 ,विजयीपुर में 1,37,918 और हथगाम ब्लॉक में 1,42,566 मतदाता थे।