फतेहपुर। कोरोना संक्रमण अब गांवों की तरफ तेजी के साथ बढ़ रहा है। एक सप्ताह से गांवों में कोरोना संक्रमितों की संख्या तेजी के साथ बढ़ रही है। गुरुवार को आई 305 जांच रिपोर्ट में 24 कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इनमें 19 संक्रमित ग्रामीण क्षेत्र के रहने वाले हैं।
जिले में अब तक कुल 2390 कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। इनमें 1868 रोगी स्वस्थ हो चुके हैं। वर्तमान समय में जिलेभर में 247 कोरोना संक्रमित हैं, जिनका इलाज चल रहा है। पिछले तीन दिनों के कोरोना रोगियों पर नजर डाली जाए, तो स्पष्ट है कि अब गांवों में कोरोना संक्रमितों की संख्या तेजी के साथ बढ़ रही है।
गुरुवार को मिले 24 मरीजों में पांच रोगी शहर के हैं, जबिक 19 ग्रामीण क्षेत्र के हैं। अगर प्रशासन ने ग्रामीण क्षेत्र में कोरोना से बचाव के प्रयासों में सक्रियता नहीं दिखाई, तो स्थिति भयावह हो सकती है। स्वास्थ्य विभाग गांव की तरफ पैर फैला रहे कोरोना संक्रमण की तरफ से बेखबर दिखाई पड़ रहा है।