जाफरगंज। बीमारी से बेटे की मौत के बाद पिता अंतिम संस्कार और क्रिया-कर्म में व्यस्त थे। तभी बेटे के दो बैंक खातों से 6.56 लाख रुपये निकाल लिए गए। मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाने बैंक पहुंचे पिता को खातों में शून्य बैलेंस मिला, तब धोखाधड़ी की जानकारी हुई। पीड़ित ने कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने बहू समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
बकेवर थाना क्षेत्र के इकघरा मजरे हरदासपुर निवासी राजेंद्र कुमार ने बताया कि बेटे प्रियंक उमराव का विवाह पांच फरवरी 2022 को नयापुरवा निवासी प्रिया से हुआ था। बीमारी के चलते 30 सितंबर 2025 को प्रियंक की मौत हो गई थी। दंपती की कोई संतान नहीं है।
पिता ने बताया कि बेटे के एसबीआई की बकेवर शाखा स्थित खाते में 3,96,438.41 रुपये और बीओबी की जहानाबाद शाखा के खाते में 2,59,836.66 रुपये जमा थे। आरोप है कि दो से नौ अक्तूबर 2025 के बीच बहू प्रिया ने डिघरूवा निवासी अखिलेश पटेल और नयापुरवा निवासी प्रिंशू व सुशील के साथ मिलकर दोनों खातों से रकम निकाल ली। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।