शंकर को मारने की सुपारी देने वाले गिरफ्तार आरोपी।
- फोटो : अमर उजाला
खखरेरू थाना क्षेत्र में चार दिन पहले भीमपुर के पास मछली व्यापारी शंकर पासवान की हत्या का खुलासा हो गया। इसे कारोबार के प्रतिद्वंद्वी दो युवकों ने सुपारी किलर के जरिये मरवाया। 50 हजार रुपये में सौदा तय हुआ और 25 हजार एडवांस दिया गया था। सुपारी देने वाले दोनों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने यह राज खोला। अभी उसके हाथ किलर के गिरेबां तक नहीं पहुंच पाए हैं। हालांकि पुलिस के सामने चार नाम उजागर हुए हैं।
शुक्रवार को सीओ अतुल कुमार चौबे ने हत्याकांड का खुलासा किया। बताया कि खखरेरू कस्बा निवासी अजय पासवान उर्फ तुन्नू और शिव प्रकाश पासवान उर्फ श्याम बाबू गिरफ्तार किए गए हैं। इनकी मछली व्यापारी शंकर पासवान से जमीन और कारोबार की प्रतिद्वंद्विता थी। लगातार बढ़ रहे शंकर को इसी वजह से इन लोगों ने रास्ते से हटा देने की ठान ली। एक साथ मिलकर हत्या का प्लान बनाया और रुपयों का जुगाड़ कर सुपारी किलर को सुपारी दे दी।
सीओ के मुताबिक इन दोनों ने जहांगीर नगर गहुरे निवासी लाला सोनी उर्फ सूर्य प्रकाश, भइयन उर्फ अनिल कुमार, मुखिया उर्फ दीनानाथ और बबलू को 50 हजार रुपये की सुपारी दी थी, इन्हें 25 हजार रुपया एडवांस में दे दिया था। इन लोगों ने शंकर पासवान की पिछले सोमवार रात मछली बेचकर लौटते समय गोली मारकर हत्या कर दी थी। एसओ श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि शूटरों की तलाश की जा रही है, उनके मिलने पर ही उनके आपराधिक इतिहास और संपर्क का पता चल सकेगा।