फतेहपुर। पुलिस विभाग में नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवक से 1.80 लाख रुपये ठग लिए।
विज्ञापन
प्रेमनगर गांव निवासी संदीप कुमार निर्मल ने बताया कि वह सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे थे। वर्ष 2023-24 में पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान उनकी पहचान पड़ोसी गांव भादर निवासी ज्ञानेंद्र मणि से हुई। आरोप है कि उसने परीक्षा में पास कराने से लेकर नियुक्ति पत्र दिलाने का झांसा देकर 10 लाख रुपये मांगे।
संदीप ने दो लाख रुपये नकद और आठ लाख रुपये का चेक दिया। इसी बीच पेपर लीक होने से भर्ती प्रक्रिया निरस्त हो गई। इसके बाद उन्होंने आठ लाख रुपये का चेक निरस्त करा दिया। आरोप है कि नकद दिए गए दो लाख रुपये में आरोपी ने अब तक केवल 20 हजार रुपये लौटाए हैं। सुल्तानपुर घोष प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।