फोटो-33 : शांति नगर स्थित कार्यशाला में प्रयागराज जाने को खड़ी रोडवेज बसें। संवाद
फतेहपुर। परिवहन निगम ने माघ मेले में श्रद्धालुओं को संगम नगरी तक ले जाने और वहां से वापस लाने के लिए 80 सामान्य बसों के साथ 14 शटल बसें उपलब्ध कराई हैं। मकर संक्रांति पर एक लाख श्रद्धालुओं के संगम नगरी जाने की संभावना है।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि शटल बसें प्रयागराज में रोककर सिटी सेवा में इस्तेमाल की जाएंगी। रोडवेज बस स्टैंड से हर घंटे दो बसें प्रयागराज के लिए रवाना होंगी।
इधर रेलवे स्टेशन अधीक्षक जयनाथ यादव ने बताया कि माघ में सात मेला स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इसके अलावा 36 से अधिक अन्य यात्री ट्रेनें प्रयागराज तक लगभग 76 फेरे लगाएंगी। मौसम साफ होने के कारण रेल यातायात सामान्य है। कुछ ट्रेनें 15 से 30 मिनट की देरी से चल रही हैं। किसी भी ट्रेन को रद्द नहीं किया गया है।
छह एटीवीएम मशीनों से भी दिए जा रहे टिकट
मुख्य वाणिज्य निरीक्षक महेंद्र गुप्ता ने बताया कि रेलवे स्टेशन परिसर में टिकट विंडो के पास छह एटीवीएम मशीनों का संचालन किया जा रहा है। इसमें 12 कर्मचारी काम कर रहे हैं। यह सभी कर्मचारी 24 घंटे यात्रियों को टिकट देने क काम करेंगे। माघ मेले के दौरान श्रद्धालुओं को आवागमन के लिए टिकट प्राप्त करने में परेशानी न हो इसका विशेष ध्यान दिया जा रहा है।