फतेहपुर। जिला पोषण समिति की मासिक समीक्षा सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में आयोजित की गई। बैठक में डीएम रविंद्र सिंह ने हथगाम बीडीओ का वेतन रोकने, हॉट कुक्ड मील योजना में लापरवाही पर सीडीपीओ विजयीपुर और बहुआ का वेतन रोकने का आदेश जारी किया है।
सैम बच्चों और प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना की धीमी प्रगति पर जवाब तलब करने के निर्देश दिए। ब्लॉकों से ऑपरेशन कायाकल्प में पिछड़ी प्रगति पर भी स्पष्टीकरण मांगा। बैठक में पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती बच्चों के माता या देखभाल कर्ता को मिलने वाली 50 रुपये प्रतिदिन की क्षतिपूर्ति बढ़ाकर 100 रुपये प्रतिदिन कर दी गई।
डीएम ने गर्भवती, धात्री महिलाओं और बच्चों को समय पर पोषण वितरण सुनिश्चित करने और आंगनबाड़ी केंद्रों को ऑपरेशन कायाकल्प के सभी मानकों पर संतृप्त करने पर जोर दिया। हथगाम और विजयीपुर ब्लॉकों की प्रगति कम पाए जाने पर स्पष्टीकरण लेने के निर्देश भी दिए। अगली बैठक में सभी बीडीओ को ग्राम पंचायतवार प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी।
हथगाम ब्लॉक के आंगनबाड़ी केंद्रों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग और वॉल पेंटिंग अधूरी पाई जाने पर बीडीओ हथगाम का वेतन रोका गया। अप्रैल से दिसंबर तक एनआरसी में भर्ती बच्चों की ब्लॉकवार सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
हॉट कुक्ड मील योजना में समय से धनराशि स्थानांतरण न होने पर सीडीपीओ विजयीपुर और बहुआ का वेतन रोक दिया गया है। धाता, देवमई, हथगाम और विजयीपुर में सैम बच्चों की संख्या शून्य मिलने और प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना में लंबित मामलों की धीमी प्रगति पर संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब किया गया। डीएम ने सभी सीडीपीओ को प्रतिदिन कम से कम दो आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, डीसी मनरेगा, बेसिक शिक्षा अधिकारी, सभी खंड विकास अधिकारी और सीडीपीओ उपस्थित रहे।