फतेहपुर। सड़क हादसों में इंटरनेट कंपनी के दो इंजीनियर समेत पांच लोगों की मौत हुई है। पुलिस ने हादसा करने वाले वाहनों को पकड़ा लिया, जबकि उनके चालक भाग निकले। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मलवां थानाक्षेत्र के भदबा गांव निवासी बुद्धराज पासवान (30) और सुरजीत सोनकर (28) निवासी कोरइया कोतवाली बिंदकी प्रयागराज में एक इंटरनेट कंपनी में कर्मचारी थे।
दोनों रविवार को छुट्टी के चलते बाइक से शनिवार रात घर लौट रहे थे। मलवां थानाक्षेत्र के हाईवे पर अल्लीपुर कैंची मोड़ के पास रात करीब एक बजे उनकी बाइक में पीछे से आ रहे ट्रेलर ने टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही बाइक चला रहा बुद्धराज पासवान हाईवे पर गिरा, तो ट्रेलर ने उसे कुचल दिया। ट्रेलर में बाइक और सुरजीत फंसकर घिसट गए। गंभीर चोट आने से सुरजीत की भी मौके पर ही मौत हो गई।
उधर, सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के प्रेमनगर निवासी मंजीत अग्रहरि (24) अपनी भाभी आरती देवी (32) पत्नी अभिषेक व भतीजी वैष्णवी (20 दिन) को बाइक से रविवार को लेकर हथगाम सीएचसी जा रहा था।
सराय गांव के पास प्राइवेट बस ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में मंजीत की मौके पर ही मौत हो गई। हथगाम सीएचसी में डॉक्टर ने आरती और वैष्णवी को मृत घोषित कर दिया।
दोनों हादसों के बाइक चालक हेलमेट लगाए थे। सीओ सिटी संजय सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्रों में हुए हादसों की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
सुरजीत की फाइल फोटो। संवाद- फोटो : FATEHPUR