फतेहपुर। गंगा नदी के उफान से तटवर्ती गांवों में कटान शुरू हो गई है। गंगा के बढ़े जलस्तर से पांडु नदी भी उफना रही है। पांडु नदी का पानी ओवरफ्लो होकर बेनी खेड़ा गांव की तरफ बढ़ रहा है। हालांकि नदी का पानी अभी भी गांव से सौ मीटर दूर है। बढ़ते जलस्तर से प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है। रविवार को बिंदकी एसडीएम विजय शंकर तिवारी बेंनी खेड़ा और बिंदकी फारम गांव जाकर कटान क्षेत्र को देखा।
पहाड़ों में हो रही बारिश से गंगा का जलस्तर रोज बढ़ रहा है। जिले में जलस्तर अभी खतरे के निशान से डेढ़ मीटर नीचे हैं, लेकिन जिस रफ्तार से पानी बढ़ रहा है, अब किसी भी दिन गंगा खतरे के निशान को छू सकती है। प्रशासन ने भी बढ़ते जलस्तर पर नजरें टिका दी है। रविवार दोपहर से कटान तेज हो गई है। सदर तहसील के
असनी, मौजमाबाद, लखपुरा, आलमपुर नरही, टांडा और फिरोजपुर में पानी गांवों की तरफ आ रहा है और कटान शुरू हो चुकी है। उधर, गंगा का जलस्तर बढ़ने से पांडु नदी का पानी गंगा में नहीं जा रहा है, बल्कि गंगा का पानी इस नदी में वापस आ रहा है, जिससे नदी उफनाकर ओवरफ्लो होने लगी है। फिलहाल बेनी खेड़ा व बिंदकी फारम गांव के पास नदी का पानी गांव की तरफ मुड़ चुका है। जिससे गांव वालों की सांसे अटकने लगी हैं।
27 जून-------99.720
26 जून------99.299
25 जून-----98.740
..................................