फतेहपुर। मदनमोहन नेत्र चिकित्सालय आने वाले नेत्र रोगियों पर डेंगू का खतरा मंडरा रहा है। अस्पताल गेट के बाहर तक बारिश का पानी भरा है। अंदर भी मच्छरों का प्रकोप है। डेंगू मच्छर दिन में ही काटता है, ऐसे में यहां आने वाले रोगियों और तीमारदारों के लिए परेशानी बढ़ गई है।
जिला अस्पताल के पीछे स्थित मदनमोहन नेत्र चिकित्सालय इन दिनों जलभराव की समस्या से जूझ रहा है। प्रसवोत्तर केंद्र से लेकर जिला अस्पताल की मर्च्युरी तक बारिश के पानी के साथ कीचड़ फैला हुआ है। अस्पताल में प्रतिदिन औसतन 90 रोगी आते हैं। पंजीयन कराने और अपनी बारी का इंतजार करने के दौरान मरीजों को मच्छरों के बीच बैठना पड़ रहा है।
अस्पताल के चारों तरफ भरा गंदा पानी
शहर के राधानगर निवासी शुभम का कहना है कि मदनमोहन नेत्र चिकित्सालय गेट तक कीचड़युक्त पानी भरा है। अस्पताल पहुंचने में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
हसवा निवासी जीतू मदन मोहन नेत्र चिकित्सालय अपनी आंखों का इलाज कराने आए हैं। उनका कहना है कि अस्पताल के चारों तरफ कीचड़युक्त पानी भरा है। अस्पताल के भीतर-बाहर मच्छरों की भरमार है। किसी भी रोगी या तीमारदार के पहुंचने पर मच्छर हमला कर देते हैं।
अस्पताल के चारों तरफ बारिश का पानी कई दिन से भरा है, जिससे कीचड़ की भी समस्या पैदा हो गई है। कई दिन से जलभराव के कारण मच्छर भी पैदा हो गए हैं। इससे मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जलभराव की समस्या से अफसरों को अवगत कराया जा चुका है।
- डॉ. विश्वेष त्रिपाठी, प्रभारी चिकित्साधिकारी, मदनमोहन नेत्र चिकित्सालय।
फोटो-01-मदनमोहन नेत्र चिकित्सालय गेट तक पर भरा पानी। संवाद
फोटो-01-मदनमोहन नेत्र चिकित्सालय गेट तक पर भरा पानी। संवाद
फोटो-01-मदनमोहन नेत्र चिकित्सालय गेट तक पर भरा पानी। संवाद