फोटो-11-बिंदकी कस्बा स्थित लगी सब्जी की दुकान। संवाद
फतेहपुर। प्याज और टमाटर के दाम फिर बढ़ने से आम आदमी की रसोई का बजट प्रभावित होने लगा है। बृहस्पतिवार को शहर की लोधीगंज मंडी में प्याज का थोक भाव 42 से 45 रुपये किलो रहा, जबकि फुटकर बाजार में यह 60 रुपये किलो तक बिका। टमाटर का फुटकर भाव भी करीब 50 रुपये किलो रहा। कीमतों में तेजी का सबसे अधिक असर मध्य वर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है।
बीते दिनों हुई बारिश से जिले में टमाटर समेत कई सब्जियों की फसल प्रभावित हुई है। लोधीगंज मंडी के थोक विक्रेता राकेश त्रिपाठी ने बताया कि बृहस्पतिवार को टमाटर का भाव करीब 900 रुपये कैरेट रहा। यह पिछले दिनों की तुलना में 150 से 200 रुपये अधिक है। बाहर से आवक होने के कारण टमाटर के दाम रोज बदल रहे हैं।
बृहस्पतिवार को मंडी में प्याज का थोक भाव 42 से 45 रुपये किलो रहा, जबकि फुटकर बाजार में यह करीब 60 रुपये किलो तक पहुंच गया। थोक विक्रेता शमीम वारसी ने बताया कि बाजार में लगातार उतार-चढ़ाव बना हुआ है और टमाटर के साथ प्याज के दाम भी बढ़े हैं।
चौडगरा के फुटकर विक्रेता अल्ला रक्खू ने बताया कि बाहर से आने वाले टमाटर को अधिक समय तक सुरक्षित रखना मुश्किल होता है। कैरेट में टमाटर दबने से खराब हो जाता है और एक कैरेट में करीब 20 से 22 किलो ही सुरक्षित बच पाता है। इससे होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए फुटकर कीमत बढ़ानी पड़ती है।
-
सब्जी का भाव
आलू 14
शिमला मिर्च 80
परवल 80
लौकी 30
कद्दू 30
हरा बैगन 40
भिंडी 40
हरी मिर्च 60
लहसुन 120
अदरख 120
अरबी (घुइयां) 60
(नोट : दाम फुटकर मंडी में प्रतिकिलो की दर से)
फोटो-11-बिंदकी कस्बा स्थित लगी सब्जी की दुकान। संवाद