ललौली। बांदा टांडा हाईवे पर मंगलवार को तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। ट्रक में फंसकर बाइक सवार 50 मीटर तक घिसटता चला गया। बाइक सवार का एक पैर कुचल गया। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से भाग निकला। पुलिस ने घायल को गाजीपुर सीएचसी में भर्ती कराया है। डॉक्टर ने हालत गंभीर देखकर जिला अस्पताल रेफर किया।
थरियांव थाना क्षेत्र के हसवा गांव निवासी दीपक सिंह (32) दोपहर मुत्तौर कस्बा किसी काम से आया था। वह बाइक से घर लौट रहा था। सिधांव के पास बहुआ से ईंट लादकर बांदा की ओर जा रहे तेज रफ्तार ओवरलोड ट्रक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। बाइक सवार ट्रक में फंस गया। चालक बाइक सवार को करीब 50 मीटर तक घसीटता ले गया। इसके बाद ट्रक छोड़कर चालक भाग निकला। युवक सड़क में लहूलुहान हालत में बेहोश होकर पड़ा रहा। आसपास के लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। दतौली चौकी प्रभारी देवेंद्र सिंह ने घायल को सीएचसी भेजा। प्रभारी निरीक्षक एसबी सिंह ने बताया कि चालक का पता लगाकर कार्रवाई की जाएगी।