गाजीपुर। थाना क्षेत्र स्थित कस्बे के डडीवा गांव में बिजली गिरने से मंगलवार शाम सेवानिवृत्त रेलवे कर्मी की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
डडीवा गांव निवासी देशराज (75) अपने रिश्तेदार सिमौर निवासी विस्सू लोधी के घर मुंडन संस्कार में गए थे। वहां से शाम को पैदल घर आ रहे थे। रास्ते में तमखुवा बाबा बाग के पास तेज बारिश होने पर वह बरगद के पेड़ के नीचे खड़े हो गए। तभी बारिश के साथ बिजली गिरने से देशराज की मौके पर मौत हो गई है। राहगीरों ने उन्हें पहचान कर परिजनों को सूचना दी। परिजन अस्पताल ले गए जहां, डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। उनके तीन बेटे वीरेंद्र, धर्मेंद्र, अमरेंद्र व पत्नी जगनथिया का रो-रोकर बेहाल है। थानाध्यक्ष प्रमोद मौर्या ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।