फतेहपुर। दो दोस्तों ने सेब व्यापारी से व्यापार करने के लिए रुपये लेकर वापस करने से मना कर दिया। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने रविवार को सेब व्यापारी से तीन लाख 27 हजार रुपये की धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की है।
असोथर थाना क्षेत्र के कुसुम्भी गांव निवासी रमेश के पुत्र शिवम सिंह ने बताया कि वे सेब के व्यापारी हैं। व्यापार के दौरान ही थाना थरियाव के गांव सखियाव निवासी हेमंत सिंह और जिला कौशांबी के नैनी थाना क्षेत्र के महेवा घाट निवासी हिमांशु से हुई। दोनों ने आपस में दोस्त होने की बात बताई। हेमंत व हिमांशु ने व्यापार में शामिल होने को कहा। हेमंत के घर पर तीनों लोगों के बीच व्यापार को लेकर बातचीत हुई। व्यापार में सेब की खरीदने को लेकर 26 अक्टूबर 2024 को उसने पिता रमेश के बैंक खाते से दो लाख 77 हजार रुपये हिमांशु के बैंक खाते में ट्रांसफर किए। उन पैसों से हिमांशु और हेमंत ने सेब की खरीददारी की। सेब की बिक्री होने के बाद हिमांशु से रुपये मांगे। उसने बताया कि सेब सड़ जाने से व्यवसाय में घाटा लग गया है। कुछ पैसा सेब खरीद के लिए कम पड़ रहा है और पैसे चाहिए। सेब बेचकर पूरे रुपये लौटा देंगे। 50 हजार रुपये दोबारा हिमांशु के बैंक खाते में यूपीआई के माध्यम से भेज दिया। सेब बिक्री हो गई। चार दिसंबर 2024 को हेमंत के घर जाकर रुपये की मांग की। हेमंत और हिमांशु ने रुपये लौटाने से मना कर दिया। रुपये दोबारा मांगने पर जान से मारने की धमकी देकर घर से भगा दिया। भाई के साथ जाकर थरियाव थाने में शिकायत करने पर कोई सुनवाई नही हुई। उन्होंने फतेहपुर एसपी से भी शिकायत की। कहीं से कोई कार्रवाई नहीं होने पर कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। थरियांव थानाध्यक्ष आलोक पांडेय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज करके आगे की कार्रवाई की जा रही है।