बहुआ। अढ़ावल मौरंग खदान के कैश प्रबंधक समेत दो लोगों के खिलाफ ग्राहक सेवा केंद्र संचालक से 61 हजार रुपये की धोखाधड़ी किए जाने की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
ललौली थाना क्षेत्र के अढ़ावल के मजरे अहिरन डेरा गांव निवासी अशोक यादव ने एसपी से शिकायत में बताया कि अढ़ावल मौरंग खदान के नौ नंबर खंड के कैश प्रबंधक कौशल तिवारी निवासी रामदतपुर पांडेपुर जिला वाराणसी अक्सर उसके ग्राहक सेवा केंद्र में आते थे। वह केंद्र से ऑनलाइन लेनदेन कराते थे। उनके पास 20 दिसंबर को कौशल तिवारी ने फोन किया। रुपयों की आवश्यकता बताई। खंड संचालक विशाल सिंह के फोन पे खाते पर 86 हजार रुपये ट्रांसफर करने की बात कही। उसने रुपये विशाल के खाते में ट्रांसफर किए। उसे कौशल तिवारी ने 25 हजार रुपये लौटाए। बाकी 61 हजार रुपये का भुगतान 30 दिसंबर को लौटाने की बात कही। रुपये नहीं लौटाए। इस बीच अवैध खनन के आरोप में खंड को सीज कर दिया गया। वह दूसरे दिन मौरंग खंड पर रुपये लेने पहुंचा। जहां से कौशल तिवारी व विशाल समेत अन्य गायब थे। उसने फोन पर रुपये की मांग की। उसने रुपये लौटाने से मना कर दिया। ललौली थाने में शिकायत की। कोई सुनवाई नहीं हुई। थानाध्यक्ष वृंदावन राय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की तलाश की जाएगी।