फतेहपुर। ठेकेदार पति की हत्या के बाद पत्नी ने ससुरालियों पर करोड़ों की संपत्ति हड़पने का आरोप लगाया है। महिला की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
खागा कोतवाली के ब्राह्मनपुर निवासी साक्षी तिवारी ने बताया कि तीन जून 2021 को लेनदेन के विवाद में उसके भाई अनुज शुक्ला व दोस्त गौरव ने पति मनीष पर हॉकी, राड से हमला किया था। इसके बाद 13 जून को पति की इलाज के दौरान मौत हो गई थी।
साक्षी का आरोप है कि पति की हत्या के बाद डरा धमका कर ससुर उमाशंकर, सास शशि, देवर विवेक राज, ननद श्रद्घा तिवारी, सोनू शुक्ला हथगाम ने एक सादे स्टांप पेपर पर उसके हस्ताक्षर करा लिए।
बाद में पता चला कि पति द्वारा बनाई गई संपत्ति राइस मिल, बिजली ट्रांसफार्मर और उपकरण सप्लाई की फर्म, कांस्ट्रक्शन कपंनी फर्म पर कब्जा कर लिया। इसके अलावा तीन लग्जरी कार, पांच ट्रैक्टर, दो विंडो एसी, दो एलईडी, वाशिंग मशीन, अलमारी, एक किलो चांदी, 25 हजार नगद, बैंक ऑफ बड़ौदा में जमा 15 लाख कीमत के सोने के जेवरात निकाल लिए।
पंचायत के दौरान सामान देने का वादा भी किया लेकिन मुकर गए। संपत्ति मांगने पर मारापीटा और जान से मारने की धमकी दी। खागा कोतवाल जेपी शाही ने बताया कि आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किया गया है।