फतेहपुर में सेवानिवृत्त शिक्षक के बेटे शुभम के लापता होने के मामले में पुलिस ने चार दोस्तों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है।
शहर के खुशवक्तराय नगर निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक राममिलन सिंह का बेटा शुभम उर्फ शुभम (25) 17 जुलाई को कौशांबी के कड़ा धाम कुबरी घाट स्नान को गया था। पिता ने बताया था कि शुभम के चार दोस्त अश्वनी मिश्रा निवासी गाजीपुर बसअड्डा, विनीत निवासी खुशवक्तराय नगर, अंशुल वर्मा निवासी गंगानगर पीएसी रोड, अजय सिंह राठौर निवासी दुर्गा मंदिर आए थे।
वह लोग घर से बेटे को अश्वनी की कार में बैठाकर कहीं ले गए थे। उसके बाद चारों दोस्त लौट आए। बेटे का कोई सुराग नहीं लगा है। बता दें कि आरोपियों में अश्वनी मिश्रा हथगाम ब्लॉक में शिक्षक है। उसकी तीस जून को शादी हुई थी। मनीष के पिता ने एसपी से आठ अगस्त को शिकायत की थी जिसमें आरोप लगाया था कि शादी के समय शुभम ने अश्वनी को 20 हजार रुपये दिलाए थे। रुपयों को लेकर विवाद भी हुआ था। उन्होंने अश्वनी पर हत्या का आरोप लगाया था।
वहीं, आरोपी पक्ष ने पुलिस को बताया कि वह लोग 17 जुलाई को कौशांबी के कड़े धाम में नहाने गए थे। नहाते समय ही शुभम डूब गया था। कोतवाल रवींद्र श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।