पत्थरकटा से पटेल नगर रोड में ठंड में स्कूटी पर सवार होकर जाती युवतियां
- फोटो : FATEHPUR
फतेहपुर। नए साल के पहले दिन लंबे समय बाद लोगों को ठंड से राहत मिली। बुजुर्गों से घर पर रहकर ही धूप का आनंद लिया तो बच्चे अभिभावकों संग सैरसपाटे के लिए निकले। दिन ढलने के कुछ देर बाद फिर गलन बढ़ गई। बुधवार को न्यूनतम पारा पांच और अधिकतम 16 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मंगलवार को पारा न्यूनतम चार डिग्री और अधिकतम 15 डिग्री रिकार्ड किया गया था।
बुधवार को सुबह 10 बजे के बाद सूरज और बादलों के बीच लुकाछिपी का दौर दोपहर तीन बजे तक चला। धूप की गर्मी महसूस होते ही लोग दैनिक कार्यों के लिए घरों से निकल पड़े। स्टेशन और बस स्टापों में यात्रियों ने राहत महसूस किया। अन्य दिनों की तरह सार्वजनिक स्थानों पर अलाव वाले स्थानों पर भीड़भाड़ नहीं दिखी। कचहरी में वादकारियों की खासी भीड़ रही। सरकारी दफ्तरों में कर्मचारियों की उपस्थिति अच्छी दिखी। शाम पांच बजे के बाद फिर से गलन का कहर शुरू हो गया, जो अंधेरा घना होने के साथ बढ़ता गया। नगर पालिका कर्मी ट्रैक्टर ट्राली में लकड़ी लेकर अलाव जलाने निकले। बिंदकी बस स्टाप से लेकर पत्थरकटा चौराहे से पटेलनगर से आईटीआई होकर सभी सार्वजनिक स्थलों पर अलाव जलाए गए। उधर, धूप निकलने से खेती किसानी करने वालों के चेहरे में खुशी दिखाई पड़ी। खास तौर पर आलू उत्पादक किसानों ने राहत की सांस ली। ट्रैक्टर चलित मशीनों से खेतों में दिन आलू खोदने का काम जारी रहा। मौसम विभाग की दो जनवरी को बारिश की चेतावनी से घबराए किसान आलू की खोदाई कराने में दिन भर जुटे रहे। आलू का भाव अच्छा होने कारण किसानों को आलू मंडी पहुंचाने की जल्दी है।