घटतौली को लेकर विरोध करते कार्ड धारक
- फोटो : FATEHPUR
बहुआ क्षेत्र के करसवां गांव में कोटेदार की मनमानी के विरोध में कार्डधारकों का गुस्सा फूट पड़ा। सैकड़ों की तादात में ग्रामीणों ने कोटेदार के घर के सामने इकट्ठा होकर विरोध व्यक्त किया। ग्रामीणों के एकजुट होकर हंगामा करने की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। हालांकि पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामले को शांत कराया गया।
करसवां गांव का कोटा सुरजकली देवी के नाम है, हालांकि कोटे के सारा कार्य उनके पति रामचरन और पुत्र विकास, राज और गोलू देखते हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पिछले दो माह से सरकारी राशन नहीं दिया जा रहा था।
जब दिया गया तो घटतौली की गई। दो किलो चने की जगह 1 किलो, बीस किलो गेहूं की जगह 17 किलो दिए जाने का आरोप लगाया। तौलने के मानक भी पूरे नहीं थे। पूर्ति निरीक्षक आशाराम ने बताया कि वह मौके पर नहीं पहुंच सके थे। कोटेदार को हिदायत दी गई है। वहीं, कोटेदार ने सारे आरोपों को नकार दिया है।