फतेहपुर। कानपुर की रहने वाली बीकॉम छात्रा के साथ बिजली विभाग में तैनात कर्मचारी ने नौकरी का झांसा देकर दुष्कर्म किया। उसका वीडियो भी बनाया और शिकायत करने पर वायरल करने की धमकी दी। कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
कानपुर के कल्यानपुर थानाक्षेत्र की रहने वाली युवती बीकॉम द्वितीय वर्ष की छात्रा है। छात्रा ने तहरीर में बताया कि उसकी एक दोस्त के फतेहपुर कलक्टरगंज के रहने वाले सुशील कुमार श्रीवास्तव परिचित थे। सुशील प्रयागराज में बिजली विभाग में तैनात है। नवंबर माह में सुशील ने बिजली विभाग में नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। उसे सात नवंबर को कागजात लेकर बुलाया था। वह कागजात देकर लौट गई थी। उसके बाद 13 नवंबर नौकरी संबंधी काम के बहाने से सुशील ने अपने घर बुलाया। वह आरोपी के घर पहुंची। जहां चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया।
जिसके बाद वह बेहोश हो गई। आरोप है कि उसके बाद सुशील ने दुष्कर्म किया। उसका वीडियो भी बना लिया। घटना का विरोध करने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी। उसने मामले की शिकायत पुलिस चौकी में की थी। सुनवाई नहीं होने पर सीओ से शिकायत की। कार्यवाहक कोतवाल प्रभुनाथ यादव ने बताया कि दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।