फतेहपुर। ओवरलोड खनिज वाहनों की लोकेशन और अवैध इंट्री वसूली के मामले में आरोपी रंगबाज ढाबा के संचालक संदीप पटेल ने पुलिस को चकमा देकर जिला अदालत में बुधवार को सरेंडर कर दिया। पुलिस ने एक अन्य ढाबा संचालक समेत चार आरोपियों के खिलाफ गैर जमानती वारंट हासिल कर उनकी तलाश में दबिश तेज कर दी है।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के बेरागढ़ीवा स्थित रंगबाज ढाबा संचालक संदीप पटेल का नाम विवेचना के दौरान सामने आया था। आरोप है कि वह बांदा-रायबरेली मार्ग से गुजरने वाले ओवरलोड खनिज वाहनों को जिले से पास कराने और अधिकारियों के नाम पर इंट्री वसूली करता था। उसके पास कई ट्रक भी बताए जाते हैं। पुलिस की कार्रवाई से बचते हुए उसने कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया।
वहीं दबंग होटल के संचालक आकाश पटेल, रायबरेली निवासी कपिल तिवारी, भिटौरा के मिथुन सिंह और एआरटीओ के चालक बबलू पटेल के खिलाफ भी गैर जमानती वारंट जारी हुआ है। वारंट के बाद भी हाजिर न होने पर पुलिस संपत्ति कुर्की की कार्रवाई करेगी। विवेचक सीओ वीर सिंह ने बताया कि संदीप पटेल ने कोर्ट में सरेंडर किया है। अन्य चार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापा मारा जा रहा है।