रेलवे स्टेशन की कैंटीन में लगी आग को बुझाने में झुलसा वेंडर।
- फोटो : अमर उजाला
आदर्श रेलवे स्टेशन की कैंटीन में रखे सिलेंडर की पाइप लाइन लीकेज होने से गुरुवार दोपहर यकायक आग लग गई। आग की लपटें देख कैंटीन कर्मियों समेत मुसाफिरों में अफरातफरी मच गई। स्टेशन मास्टर के कमरे में रखे सीज फायर के जरिये आग बुझाई गई, तब जाकर हर किसी ने राहत की सांस ली। आग बुझाने के प्रयास में एक वेंडर भी झुलस गया।
वाकया गुरुवार दोपहर दो बजे का है। दिल्ली-हावड़ा रूट के इस स्टेशन में जीआरपी साइड पर कैंटीन है। कैंटीन कर्मी रसोई में काम कर रहे थे। कुछ लोग भोजन की थाली का इंतजार कर रहे थे, तभी सिलेंडर मेें आग लग गई। कैंटीन में लंच को गए यात्री बाहर निकल आए। कैंटीन में आग लगने की खबर प्लेटफार्म में बैठे यात्रियों के कानों तक जा पहुंची।
जानकारी मिलते ही स्टेशन मास्टर वीरेंद्र सिंह बिसेन ने रेलवे प्रशासन को अलर्ट कर दिया। स्टेशन मास्टर ने अपने दफ्तर से दो सीज फायर मंगवाकर आग बुझवाई। इस अग्निकांड में आग बुझाने के दौरान वेंडर शिव सिंह झुलस गया, जिसे रेलवे अस्पताल ले जाया गया। रेलवे की कैंटीन में आग लगने की घटना से जहां यात्रियों में सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किए।
कहा कि कैंटीन में भी सीज फायर होना चाहिए था। यदि ऐसा होता तो स्टेशन मास्टर के कमरे तक जाने की जरूरत नहीं पड़ती और आग पर पहले काबू पा लिया जाता। वहीं दूसरी तरफ स्टेशन मास्टर का कहना है कि मामूली घटना थी, समय रहते काबू पा लिया गया।
हटाए गए दो सिलेंडर- जिस वक्त रेलवे स्टेशन के भोजनालय में गैस की पाइप लाइन लीकेज होने से आग लगी थी। उस दौरान कैंटीन में दो भरे सिलेंडर रखे थे। रेलवे पुलिस ने इसे तुरंत हटवा दिया।