फतेहपुर। विजयीपुर विकास खंड की ग्राम पंचायत गुरगौला स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में सहायिका पद पर हुए चयन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने चयन प्रक्रिया में अनियमितता और नियमों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी से नियुक्ति निरस्त करने और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
गुरगौला निवासी रामेश्वर प्रसाद ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया कि सहायिका पद पर चयन नियमों के विपरीत किया गया है। उनका कहना है कि चयनित अभ्यर्थी का नाम 18 अप्रैल को ब्लॉक विजयीपुर के सूचना पट्ट पर चस्पा किया गया था।
शिकायत के अनुसार चयनित अभ्यर्थी मूल रूप से विकासखंड धाता की ग्राम पंचायत पौली की निवासी है। आवेदन के समय उसका ग्राम पंचायत गुरगौला से कोई संबंध नहीं था फिर भी उसे स्थानीय निवासी दर्शाकर चयनित कर लिया गया। आय, जाति और निवास प्रमाणपत्रों के सत्यापन में भी अनियमितता बरतने तथा गलत आख्या लगाकर चयन प्रक्रिया प्रभावित करने का आरोप लगाया गया है।
रामेश्वर प्रसाद ने बताया कि चयनित अभ्यर्थी का विवाह 20 अप्रैल को गुरगौला निवासी युवक से हुआ। चयन सूची 18 अप्रैल को जारी कर दी गई थी। ऐसे में विवाह से पहले उसे गुरगौला का निवासी किस आधार पर माना गया। इसकी जांच कराई जाए। खागा के एसडीएम अभिनित कुमार ने बताया कि मामले की जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।