फोटो-17-विद्यालय में क्यू आर कोड की अध्ययन सामग्री दिखाते शिक्षक आनंद कुमार मिश्रा। स्रोत आयोजक
फतेहपुर। ऐरायां ब्लॉक के मलूकपुर प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक आनंद कुमार मिश्रा ने ग्रामीण शिक्षा में नई पहल की है। उन्होंने कक्षा पांच की सामाजिक विषय की पुस्तक के सभी पाठों के क्यूआर कोड तैयार कर ऑनलाइन उपलब्ध करवा दिए हैं।
बच्चे मोबाइल से कहीं भी कभी भी किसी भी पाठ को पढ़ सकते हैं। क्यूआर कोड स्कैन करते ही पाठ का मूल रूप, चित्र, सारांश और नए अभ्यास प्रश्न एक साथ दिखाई देंगे। यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए की गई है।
आनंद कुमार मिश्रा ने कहा कि ग्रामीण बच्चों को तकनीक से जोड़ना समय की जरूरत है ताकि उन्हें नए संसाधनों से शिक्षा प्राप्त हो सके। उनकी इस पहल की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्य सचिव ने सराहना की है। शिक्षा पर आधारित उनका शोध पत्र एनसीआरटी में प्रकाशित हो चुका है, और अब तक उन्होंने आठ पुस्तकों का लेखन भी कर लिया है।
अभिभावक बता रहे हैं कि पहली बार बच्चों को इतनी अच्छी और डिजिटल पढ़ाई मिल रही है। विद्यालय स्टाफ का कहना है कि क्यूआर कोड आधारित अध्ययन से बच्चों की रुचि और सहभागिता दोनों बढ़ रही हैं।