शनिवार को शहर के आईटीआई रोड सब्जी मंडी के सामने
करीब दो घंटे तक जाम लगा रहा। जाम के झाम में फंसकर न जहां लोग परेशान हुए
वहीं स्कूली वाहनों के फंसने से बच्चे भूख-प्यास से तड़प गए।
शहर में
अतिक्रमण के चलते जाम की समस्या दिनोंदिन गंभीर होती जा रही है। शायद ही
कोई दिन ऐसा जाता हो जब जाम न लगता हो। शनिवार को आईटीआई रोड सब्जी मंडी के
सामने लगे जाम में स्कूली वाहन फंसे रहे वहीं कार्यालय जाने वालों को भी
देर हुई।
सुबह से ही सब्जी खरीदने के लिए लोग पहुंच गए। इसके अलावा थोक में
तांगा, टैंपो, लोडर आदि से सब्जी मंडी लाई गई जिससे आड़े तिरछे वाहनों के
खड़े हो जाने से जाम लग गया। कई विद्यालयों के वाहन भी जाम में फंस गए।
इसके अलावा बांदा सांगर मार्ग, चौक, ज्वालागंज आदि इलाकों में भी अतिक्रमण
की समस्या बनी हुई है। पालिका प्रशासन की ओर से अतिक्रमण हटाने के लिए कोई
कार्रवाई नहीं की जाती है।
उप जिलाधिकारी सदर विवेक श्रीवास्तव ने कहा कि
शहर में अतिक्रमण की समस्या की जानकारी मिल रही है। पंचायत चुनाव के बाद
अभियान चलाकर अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
अधिशासी अधिकारी
को निर्देशित किया जाएगा कि टीम भेजकर अतिक्रमण की समस्या से जनता को
निजात दिलाएं।