खागा। घूमने के इरादे से देर रात निकले दो युवक सड़क हादसे का शिकार हो गए। मंगलवार की देर रात आधारपुर गांव के सामने निर्माणाधीन पुलिया के नीचे दोनों युवक बाइक सहित जा गिरे। चोट लगने के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। सुबह जब लोगों ने पानी में बाइक देखी तो घटना की जानकारी हुई।
बुधवार की सुबह खागा कोतवाली क्षेत्र के आधारपुर गांव पास सिक्स लेन हाइवे पर निर्माणाधीन पुलिया के नीचे पानी में लोगों ने एक बाइक देखी। लोगों ने महिंचा मंदिर पुलिस चौकी को इसकी सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और पानी में लोगों को उतारा तो पता चला कि दो युवकों की लाश भी वहां है। शवों को बाहर निकाला गया और जांच की गई। दोनों के मोबाइल पानी में गिरने से खराब हो चुके थे। कोतवाल सत्येन्द्र सिंह भी मौके पर पहुंचे और जानकारी ली। शवों की पहचान तुरंत नहीं हो सकी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मोबाइल में मिले सिमकार्ड को दूसरे मोबाइल में लगाकर पुलिस ने सेव नंबरों पर कॉल की तो उनकी पहचान हो गई। पुलिस ने उनकी पहचान की। युवकों की पहचान विशाल (23) पुत्र जुग्गी लाल व संदीप (22) पुत्र रामप्रवेश निवासीगण मुस्तफापुर थाना हुसैनगंज के रूप में हुई। इंसपेक्टर खागा सत्येन्द्र सिंह ने बताया कि दोनों युवक मंगलवार की शाम अपने घरों में घूमने के लिए जाने की बात बताकर निकले थे। अनुमान है देर रात अधिक रफ्तार के कारण बाइक पुल के नीचे जा गिरी या किसी वाहन ने टक्कर मारने से बाइक नीचे जा गिरी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दोनों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। सुबह ही पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए गए। शव देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं मुस्तफानगर में दोनों के घरों के बाहर सन्नाटा पसरा रहा।