मलवां थाना क्षेत्र के हाइवे पर रेडियंट सिक्योरिटी कंपनी के कर्मचारियों से 13 लाख 60 हजार रुपये लूटने वाले बदमाशों को पुलिस ने चौबीस घंटे में दबोचकर वारदात का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार करके लूट की रकम बरामद कर ली है।
पुलिस लाइंस में एसपी ओम प्रकाश श्रीवास्तव ने मीडिया को बताया पुलिस टीमों ने सेनीपुर थाना मलवां थाना क्षेत्र के सेेनीपुर गांव से बुधवार दोपहर रामबाबू पाल पुत्र गंगाराम पाल,शिवपुर थाना मलवां, रईश ऊर्फ बब्लू पुत्र सईद अहमद, नउवाबाग थाना कोतवाली, राहुल लोधीपुत्र इंद्रपाल,सनगांव थाना कोतवाली को गिरफ्तार किया गया है।
तीनों बदमाश बोलेरो से भागने की कोशिश कर रहे थे। तीनों बदमाशों के पास से 13 लाख 59 हजार 293 रुपये, दो तमंचे और एक अद्धी, कारतूस बरामद हुई। पुलिस ने पूछताछ के बाद लूट में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर बाइक, नोटों की सील में लगा रेडियंट कंपनी का टैग बरामद किया।
एसपी ने बताया घटना का मास्टरमाइंड रामबाबू सीएमएस सिक्योरिटी की कैश ट्रांसफर वैन का चालक था। उसके साथ राहुल लोधी काम करता था। कुछ दिन पहले दोनों ने नौकरी छोड़ दी थी। रामबाबू को मालूम था कि दोनों पेट्रोल पंपों से भारी रकम रोज भेजी जाती है।
उसे यह भी मालूम हो गया था सीएमएस कंपनी का 15 सितंबर से अनुबंध टूट गया है। मास्टमाइंड को सौंरा पेट्रोल पंप पहुंचने पर मालूम पड़ा अब कैश रेडियंट कंपनी के कर्मचारी कैश बाइक से लेकर जाते हैं। तभी उसने अपने साथियों राहुल और रईश के साथ मिलकर लूट की योजना बना डाली थी।
मंगलवार दोपहरे कैश लेकर आते समय राहुल ने बाइक सवार शशिकांत और बलराम को टक्कर मार दी थी। इसके बाद रामबाबू और रईश ने तमंचा दिखाकर उन्हे लूट लिया था।
घटना के खुलासे में क्राइम ब्रांच प्रभारी मनोज रघुवंशी, एसआई विपिन कुमार सिंह, राजेश सिंह, रावेंद्र प्रताप, राजेश सिंह, एसओ मलवां ज्ञान सिंह यादव, एसओ अजय सेठ, एसओ बलराम सिंह और सिपाही शहनवाज को पुरस्कृत किया गया है।
मलवां थाना क्षेत्र के बरौरा हाइवे के पास शशिकांत और बलराम सिंह निवासी दमापुर थाना मलवां कर्मचारी रेडियंट कैश ट्रांसफर सिक्योरिटी से मंगलवार को 13 लाख 59 हजार 293 रुपये लूट लिए थे।
कर्मचारी सौंरा स्थित भारत पेट्रोलियम के दो पेट्रोल पंपों का कैश उठाकर शहर एसबीआई बाइक से जमा करने आ रहे थे। तभी बरौरा मोड़ के पास बोलेरो से टक्कर मारने के बाद बाइक सवारों बदमाशों ने गोली मारने की धमकी देकर लूट की थी।