असोथर। थाना क्षेत्र के पुरबुजुर्ग तिराहे पर बुधवार सुबह वाहन की टक्कर से प्रधानाचार्य घायल हो गए। पत्नी बाल-बाल बच गईं। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से भाग गया।
क्षेत्र के पुरबुजुर्ग गांव निवासी शीतलपाल उर्फ लल्ली (55) डॉ. राममनोहर लोहिया इंटर कॉलेज कौंडर में प्रधानाचार्य हैं। वह पत्नी एएनएम सुनीता (47) को बाइक से हसवा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र छोड़ने जा रहे थे। सुबह करीब आठ बजे दोनों घर से निकले थे। जैसे ही वे गांव के तिराहे पर पहुंचे। तभी विजयीपुर से असोथर की ओर जा रहे एक वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही बाइक उछलकर नाले में जा गिरी और दोनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे में शीतलपाल घायल हो गए। पत्नी सुनीता को मामूली चोटें आईं। पीएचसी में इलाज के बाद चिकित्सक ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
थाना प्रभारी रमाशंकर सरोज ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
इलाज के दौरान महिला की मौत
फतेहपुर। ललौली थाना क्षेत्र के लदिगवां के पास सड़क किनारे खड़ी 100 वर्षीय बुजुर्ग महिला मंगलवार को बाइक सवार की टक्कर से घायल हो गई थी। मलवां थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुर गांव निवासी स्व. रामसजीवन की पत्नी पार्वती देवी रिश्तेदारी में गई थीं। यहां बाइक सवार की टक्कर से घायल हो गई थी। जिला अस्पताल बुधवार शाम इलाज के दौरान वृद्धा ने दम तोड़ दिया। थानाध्यक्ष प्रमोद राव ने बताया कि तहरीर मिलने पर बाइक चलाक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।