फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फतेहपुर महोत्सव की तैयारियां जोरों पर, डीएम ने स्टेडियम का किया निरीक्षण

Thu, 05 Feb 2015 12:05 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, फतेहपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
फतेहपुर महोत्सव के चलते सरकारी मशीनरी व्यस्त है। ऐसे में सरकारी काम-काज रुक से गए हैं। अधिकारी से लेकर कर्मचारी तक छह दिवसीय आयोजन को सफल बनाने में मशगूल है। ऐसे में दूर दराज से आने वाले फरियादियों को बिना काम कराए लौटना पड़ रहा है।
विज्ञापन


पांच साल बाद छह फरवरी से शुरू होने जा रहे छह दिवसीय फतेहपुर महोत्सव की तैयारियों को लेकर प्रशासनिक स्तर पर हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

जिले के हाकिम राकेश कुमार इस कार्यक्रम की आयोजन समिति के अध्यक्ष हैं। जो सुबह से लेकर देरशाम तक फतेहपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में होने वाले कार्यक्रमों को बेहतर रूप देने के लिए मशगूल हैं।

लगभग सारे विभागों को महोत्सव की अलग अलग जिम्मेदारियों बांटे जाने के बाद विभागाध्यक्ष और उनके मातहत दूसरे कामों को तिलाजंलि देकर सफलता की इबारत खाका खींचने में रम चुके हैं।
विज्ञापन


लिहाजा सरकारी दफ्तराें में होने वाले विभागीय काम नहीं हो रहे हैं।बुधवार को जिला मुख्यालय के कलेक्ट्रेट, विकास भवन, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, नहर विभाग, पीडब्लूडी विभाग, सहायक संभागीय परिवहन विभाग आदि में फतेहपुर महोत्सव को परवान चढ़ाने की कार्य योजनाएं बनती रहीं।

ऐसे में सरकारी कार्य से लंबी दूरी नाप कर आने वालों को मायूसी हाथ लग रही है। नजीर के तौर पर विकास भवन से निकल रहे भिठौरा के राम सजीवन सिंह ने बताया कि शौचालय का लाभ नहीं मिल पा रहा है।

ग्राम विकास अधिकारी ने संबंधित विभाग भेजा था लेकिन यहां आने पर सारी मशीनरी महोत्सव में व्यस्त मिली। ऐसे में अपनी बात रखने का मौका नहीं मिल पाया।स्पोर्ट्स स्टेडियम में छह फरवरी से 11 फरवरी के बीच होने जा रहे फतेहपुर महोत्सव में प्रतिभाएं धमाल मचाती नजर आएंगीं।

मंच में न केवल ख्यातिलब्ध कलाकार अपनी हुनर की नुमाइश के लिए मौजूद होंगे, बल्कि स्थानीय प्रतिभाएं भी अपनी काबिलियत का इस्तकबाल कराने से पीछे नहीं रहेंगीं।

गंगा-जमुनी तहजीब की बिखरने वाली छटा के साथ ही इस आयोजन में कैरियर संवारने की राह नजर आएगी तो खेती-बाड़ी की बारीकियां भी समझने और देखने को मिलेगा।

पांच साल बाद होने जा रहे कृषि एवं सांस्कृतिक महोत्सव में दोपहर 11 बजे से चार बजे तक स्थानीय प्रतिभाओं को मौका मिलेगा। आयोजन का आगाज पदम्श्री तीजन बाई के पाण्डवानी लोक गायन से होगा। इसके बाद पंच सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। शाम आठ से शुरू होने वाली भजन संध्या में रवींद्र जैन
नजर आएंगे। सात फरवरी को पहले पहर युवाओं को राह दिखाने के लिए कैरियर काउंसिंग का मंच मिलेगा। जबकि शाम आठ बजे नामचीन मालिनी अवस्थी की फोक नाइट प्रस्तुत करेंगीं। आठ फरवरी को पहले पहर में किसानों के लिए कृषि गोष्ठी आयोजित की जाएगी, जिसमें खेती बाड़ी के बारे में आधुनिक जानकारियां दी जाएगी। नौ फरवरी को पहले पहर फतेहपुर के रंग, युवाओं के संग के साथ विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगीं।
इसी तारीख को शाम को होने वाले कवि सम्मेलन एवं मुशायरा में प्रख्यात कवि एवं शायर राहत इंदौरी, मुनव्वर राना, मंजर भोपाली, नुसरत मेंहद, नीरज जी, विष्णु सक्सेना, कुंवर बेचैन, प्रमोद तिवारी, डॉ. सरिता शर्मा जैसे चेहरे धमाल मचाते नजर आएंगें। 10 फरवरी को आयोजन के पहले दौर मे विभिन्न प्रतियोगिताओं के जरिए स्थानीय प्रतिभाएं हुनर पेश करेंगीं जबकि दूसरे दौर में एनसीजेडसीसी इलाहाबाद की टीम फरुवाही नृत्य की पेशकश करने के साथ बृज की होली की प्रस्तुति करेगी। आखिरी दिन लकी ड्रा खोला जाएगा। कार्यक्रम का समापन कैलाश खेर की टीम बालीबुड नाइट के साथ करेगी।
इंसेट
तैयारियों का जायजा लेने स्टेडियम पहुंचे डीएम
फतेहपुर। फतेहपुर महोत्सव में होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों के लिए सज रहे स्पोर्ट्स स्टेडियम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए डीएम राकेश कुमार व एसपी सालिगराम वर्मा के साथ अन्य प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे। विभिन्न राजनैतिक व गैर राजनैतिक संगठनों के साथ तैयारियों पर राय मशविरा भी किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें