फतेहपुर। बकरीद (ईद-उल-अजहा) का पर्व बृहस्पतिवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शहर की बड़ी ईदगाह समेत जिलेभर की ईदगाहों और मस्जिदों में हजारों नमाजियों ने नमाज अदा कर मुल्क की सलामती, अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली के लिए दुआ मांगी। इस दौरान सभी ईदगाहों और मस्जिदों के बाहर पुलिस बल तैनात रहा।
शहर की बड़ी ईदगाह में सुबह आठ बजे शहर काजी अब्दुल्ला सईदुल इस्लाम की अगुवाई में पेश इमाम-ए-ईदगाह मौलाना डाॅ. हबीबुर्रहमान ने बकरीद की नमाज अदा कराई। नमाज के दौरान डीएम निधि गुप्ता वत्स और एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। नमाज के बाद नमाजियों ने एक-दूसरे से गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी।
घरों में सेवइयों और कुर्बानी का दौर भी शुरू हुआ। इस मौके पर सदर विधायक चंद्र प्रकाश लोधी, चेयरमैन राजकुमार मौर्य और ईओ रविंद्र कुमार ने शहर काजी और इमाम-ए-ईदगाह को बकरीद की मुबारकबाद दी।
खागा कस्बे की नई बाजार स्थित ईदगाह और नूरी मस्जिद में भी मुस्लिम समाज के लोगों ने बकरीद की नमाज अदा की। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर उपजिलाधिकारी अभिनीत कुमार, क्षेत्राधिकारी दुर्गेशदीप, इंस्पेक्टर संजय पांडेय समेत पुलिस बल मौजूद रहा। धाता, अजरौली, कुसुंभा, सरवनपुर, नेदौरा समेत विभिन्न गांवों की ईदगाहों और मस्जिदों में भी नमाज अदा की गई।
बिंदकी में खजुहा रोड स्थित ईदगाह मैदान में शहर काजी मोहम्मद रजा कादरी ने नमाज अदा कराई। नगर के ललौली रोड, महाजनी गली, लंका रोड, कुंवरपुर रोड सहित सभी मस्जिदों में भी नमाज अदा की गई। बहुआ में मस्जिद के पेश इमाम मौलाना यूसुफ रजा ने नमाज अदा कराकर मुल्क की सलामती, अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली के लिए दुआ मांगी।
फोटो-13-ईदगाह में नमाज अदा करते अकीदतमंद। संवाद
फोटो-13-ईदगाह में नमाज अदा करते अकीदतमंद। संवाद
फोटो-13-ईदगाह में नमाज अदा करते अकीदतमंद। संवाद
फोटो-13-ईदगाह में नमाज अदा करते अकीदतमंद। संवाद
फोटो-13-ईदगाह में नमाज अदा करते अकीदतमंद। संवाद